झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव में बुधवार देर रात शादी समारोह के दौरान एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर देने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान शंकर उरांव के 18 वर्षीय पुत्र गोविंद उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार गोविंद उरांव बुधवार की रात किसी व्यक्ति को बाइक से छोड़कर अपने नानी घर जंगीपुर लौट रहा था। बताया जाता है कि गांव में शादी समारोह का माहौल था। इसी दौरान घर पहुंचने से कुछ दूरी पहले पीछे से बाइक पर पहुंचे अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली युवक की गर्दन और पीठ के बीच हिस्से में जा लगी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोली मारने वाला युवक गढ़वा थाना क्षेत्र के गुरदी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घायल युवक हमलावर को पहचानता है, लेकिन फिलहाल उसका नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है। पुलिस इस बिंदु को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हुई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद अथवा अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। घायल युवक की गर्दन और पीठ के बीच गोली लगी है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
अज्ञात अपराधियों ने शादी समारोह में एक युवक को मारी गोली, जाँच में जुटी पुलिस














