विरोध प्रदर्शन और हमले के बाद पुलिस ने स्वतः दर्ज किया मामला
कोलकाता। सोनारपुर में हुए विरोध प्रदर्शन और कथित हमले की घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य प्रशासन ने उन्हें एक्स श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत अब उनके साथ हर समय तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सोनारपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं हिंसा प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान अभिषेक बनर्जी को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। आरोप है कि काफिले पर जूते, अंडे और अन्य वस्तुएं भी फेंकी गईं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना के संबंध में अभिषेक बनर्जी द्वारा कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में काजल, देवाशीष, जय सेनगुप्ता, तपन मैती और आकाश शामिल हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि इन लोगों की पहचान वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई है। गिरफ्तार लोगों को बारुईपुर अदालत में पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए कुछ लोगों के राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग पूर्व विधायक लवली मैत्रा के करीबी माने जाते हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि पूर्व में अभिषेक बनर्जी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया था। अब सोनारपुर की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को पुनः मजबूत किया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।
सोनारपुर घटना के बाद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा बढ़ी, पांच लोग हिरासत में..वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई













