साधारण बीज को पैक कर महंगे दाम पर बेचने का आरोप, बीज व्यवसायियों ने जांच की उठाई मांग
सूरज वर्मा
केतार (गढ़वा): खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में नकली अथवा संदिग्ध गुणवत्ता वाले धान बीज की बिक्री की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा गांव-गांव घूमकर किसानों को धान का बीज बेचने की सूचना सामने आई है। आरोप है कि साधारण गुणवत्ता वाले बीज को अच्छे किस्म के बीज के पैकेट में पैक कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इसको लेकर स्थानीय बीज व्यवसायियों ने किसानों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार लगभग 50 रुपये प्रति किलो मूल्य वाले सामान्य बीज को आकर्षक पैकिंग के साथ बेहतर किस्म का बताकर करीब 300 रुपये प्रति किलो तक बेचे जाने की बात कही जा रही है। यदि यह आरोप सही पाया जाता है तो इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ फसल उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
कुशवाहा बीज भंडार के संचालक रवि मेहता एवं प्रभात बीज भंडार के संचालक सूर्यदेव प्रसाद मेहता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सिंहपुर क्षेत्र में कुछ लोग किसानों को बीज बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर उनसे बीज संबंधी प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन संबंधित लोग कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
बीज व्यवसायियों ने कहा कि किसानों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि किसान केवल अधिकृत एवं लाइसेंस प्राप्त बीज विक्रेताओं से ही बीज खरीदें तथा खरीदारी के समय बीज के पैकेट, गुणवत्ता प्रमाणन और रसीद की जांच अवश्य करें।
रवि मेहता ने बताया कि जांच के दौरान कुछ बीज पैकेटों को खोलकर देखा गया, जिसमें बीज की गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग 40 से 50 किलो तक बीज पैक कर भोले-भाले किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं किसानों ने भी प्रशासन से इस मामले पर गंभीरता से ध्यान देने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि खरीफ मौसम में बीज की गुणवत्ता अच्छी फसल के लिए सबसे महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में बिना जांच-पड़ताल के बीज खरीदना भविष्य में भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
केतार में नकली धान बीज बेचने की आशंका, किसानों को सतर्क रहने की अपील













