---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, शव बरामद; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

On: June 4, 2026 11:23 PM
---Advertisement---

ट्रेन से कटने और हत्या की आशंका के बीच उलझा मामला, पुलिस जांच में जुटी

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव बरामद होने के बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जहां प्रथम दृष्टया पुलिस इसे ट्रेन से कटने की घटना मान रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक की पहचान रमुना थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी मोहन गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार गुरुवार को किसी काम से नगर ऊंटारी आया था।

बताया जाता है कि दोपहर करीब दो बजे नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा की ओर रेलवे लाइन के पास एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना स्थानीय रेलवे स्टेशन को मिली थी। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां कोई शव नहीं मिला।

रेलवे पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि यहां से एक शव को कुछ व्यक्ति के द्वारा ले जाते देखा गया। इसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का कहना है कि प्रमोद कुमार की मौत ट्रेन से कटने से नहीं हुई है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि प्रमोद ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो शव वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद प्रमोद का शव श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर स्थित माइनर ग्राउंड के समीप पुल के नीचे पाया गया।

परिजनों के अनुसार शव मिलने के बाद वे उसे घर ले गए थे। मृतक के स्वजनों ने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस और रेलवे प्रशासन जुटा जांच में

रेलवे पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन घटनास्थल पर कोई शव नहीं मिला। रेलवे पुलिस ने युवक की मौत ट्रेन से कटने से होने की पुष्टि नहीं की है।

वहीं नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

जमीन विवाद का भी आ रहा मामला सामने

परिजनों के अनुसार मृतक के परिवार का कुछ दिन पहले अपने ही गोतिया परिवार के साथ जमीन विवाद भी हुआ था। हालांकि पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now