छह महीने से कार्यालय का चक्कर लगाने का लगाया आरोप, प्रशासन के आश्वासन के बाद नीचे उतरा युवक
घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
झारखंड वार्ता संवाददाता
हजारीबाग: मंगलवार की सुबह बानादाग क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी जमीन के दाखिल-खारिज की मांग को लेकर एयरटेल के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा प्रखंड अंतर्गत कटही गांव निवासी स्वर्गीय गोविंद महतो के 28 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विकास ने कटकमदाग अंचल क्षेत्र के फतहा गांव में जमीन खरीदी थी और दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया था।

युवक का आरोप है कि पिछले छह महीने से वह दाखिल-खारिज के लिए लगातार कार्यालयों का चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। उसने आरोप लगाया कि कभी फाइल लंबित होने की बात कही जाती थी तो कभी अन्य प्रक्रियाओं का हवाला देकर उसे वापस भेज दिया जाता था।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह वह अचानक बानादाग स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से अपनी मांग पूरी करने की बात कहने लगा। युवक की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोग लगातार उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक से काफी देर तक बातचीत की और उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए इस तरह का कदम उठाना पड़ रहा है, तो प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी तथा संवेदनशील बनाने की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर समस्याओं का समाधान होने से इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सकता है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।














