जमशेदपुर:मानगो बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शनिवार देर रात दुकान की छत में सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता रविवार सुबह तब चला जब दुकान संचालक जितेंद्र कुमार रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे।
दुकान के भीतर सामान बिखरा देख उन्होंने तुरंत आसपास के व्यापारियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर पड़ोस की दुकान के रास्ते ऊपर चढ़े और वहां से छत तोड़कर ज्वेलरी दुकान के अंदर प्रवेश किया।
दुकान संचालक के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। सुबह पहुंचने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ। बदमाश दुकान के गल्ले में रखे करीब 12 से 15 हजार रुपये नकद और लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटनास्थल की जांच के दौरान छत पर एक पेचकस भी बरामद हुआ है, जिससे सेंधमारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इलाके में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने के कारण अपराधियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मानगो बाजार के ज्वेलरी शोरूम में सेंधमारी, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े बदमाश








