चतरा:झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने एक साहसिक अभियान चलाकर छह अपहृत ग्रामीणों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। सिमरिया थाना क्षेत्र के हडगड़ी जंगल में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़ भी हुई। पुलिस के दबाव में अपराधी बंधकों को छोड़कर भागने लगे, हालांकि पीछा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
खुद को MCC का सदस्य बताकर मांगी थी फिरौती
पुलिस के अनुसार 18 जून की रात हथियारबंद अपराधियों का एक गिरोह तेलियाडीह और गोवदा गांव पहुंचा और छह ग्रामीणों का अपहरण कर उन्हें जंगल में ले गया। इसके बाद परिजनों को फोन कर खुद को MCC का सदस्य बताते हुए एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। साथ ही पैसे नहीं देने पर बंधकों की हत्या करने की धमकी भी दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने के बाद चतरा पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने देर रात ही हडगड़ी जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस उस स्थान तक पहुंची जहां ग्रामीणों को बंधक बनाकर रखा गया था।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने की फायरिंग
जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, अपहरणकर्ताओं ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। कुछ समय तक चली मुठभेड़ के दौरान पुलिस का दबाव बढ़ने पर अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई।
छह बंधक सुरक्षित, पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई से घबराए अपराधी सभी बंधकों को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने पीछा करते हुए पांच आरोपियों को धर दबोचा। वहीं अपहृत सभी छह ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुक्त कराए गए लोगों में विनोद साव, महेंद्र साव, संतोष साव, प्रदीप साव, बिंदु देवी और सोनी देवी शामिल हैं।
हथियार और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू की पहचान हुई है, जो टंडवा थाना क्षेत्र के हेसातु गांव के लेम्बोडीह टोला के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन देशी बंदूक, पिस्टल जैसा दिखने वाला एक लाइटर, बड़ा चाकू, लूटे गए तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरार अपराधियों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फिरौती के लिए अपहृत 6 ग्रामीणों को जंगल से छुड़ाया,5 आरोपी दबोचे










