पटना:झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली दो सगी बहनों के साथ बिहार की राजधानी पटना में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दोनों बहनें पेशे से डांसर हैं और पटना के मीठापुर इलाके में किराये के मकान में रहकर शादी-विवाह एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देकर जीविकोपार्जन करती हैं।
पीड़िताओं के अनुसार, 18 जून को नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक तिलक समारोह में प्रस्तुति देने के लिए उन्हें 8 हजार रुपये में बुक किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम में ले जाने के बहाने कुछ लोगों ने उन्हें वाहन में बैठाया, लेकिन निर्धारित स्थल पर ले जाने के बजाय सुनसान इलाके में पहुंचा दिया।
शिकायत के मुताबिक, दोनों बहनों को अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई। पीड़िताओं ने आरोप लगाया है कि कई लोगों ने उनके साथ दुष्कर्म किया तथा हथियार दिखाकर धमकाया गया।
बताया जाता है कि अगले दिन जब आरोपित उन्हें वापस ले जा रहे थे, तब फुलवारीशरीफ इलाके में दोनों बहनों ने शोर मचाकर राहगीरों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
मामले की जांच कर रही नौबतपुर पुलिस ने पीड़िताओं के बयान के आधार पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
झारखंड की दो डांसर बहनों के साथ पटना में गैंगरेप,मची सनसनी









