---Advertisement---

भवनाथपुर की राजनीति में बड़ा भूचाल: विधायक अनंत प्रताप देव से अलग हुए दीपक प्रताप देव, बोले- हेमंत सोरेन ही हमारे नेता

On: July 4, 2026 9:01 AM
---Advertisement---

शुभम जायसवाल

श्री बंशीधर नगर/गढ़वा: भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा के करीबी सहयोगी माने जाने वाले दीपक प्रताप देव ने शुक्रवार को अपने भोजपुर गढ़ स्थित आवास पर प्रेसवार्ता आयोजित कर विधायक से अपनी राजनीतिक राह अलग करने की घोषणा कर दी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में थे, हैं और आगे भी रहेंगे तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही उनके सर्वोच्च नेता हैं।

प्रेस वार्ता में दीपक प्रताप देव ने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ झामुमो की जीत के लिए कार्य किया था। जनता ने पार्टी और नेतृत्व पर भरोसा जताया, लेकिन चुनाव के बाद क्षेत्र में गुटबाजी बढ़ गई, जिससे आम लोगों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लोगों के काम इस आधार पर रोके जा रहे हैं कि वे किस गुट से जुड़े हैं। उनका कहना था कि पिछले डेढ़ वर्षों में उन्होंने कई बार विधायक को इस स्थिति से अवगत कराया और सुधार का आग्रह किया, लेकिन कोई सकारात्मक बदलाव नहीं हुआ।

दीपक प्रताप देव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, जबकि भवनाथपुर विकास की गति में पीछे रह गया है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है और विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रहे हैं।

वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समय आने पर वह पार्टी मंच पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहा ‘मिशन 2029’ अभियान जनता की भावना का परिणाम है। साथ ही उन्होंने झामुमो नेतृत्व से कहा कि यदि पार्टी चाहे तो भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्र सर्वे करा सकती है, जिससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि जनता के बीच किसे अधिक समर्थन प्राप्त है।

दीपक प्रताप देव ने कहा कि वह पिछले 23 वर्षों से लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर सामाजिक और राजनीतिक कार्य कर रहे हैं तथा आगे भी जनता की सेवा करते रहेंगे। उनके इस ऐलान के बाद भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले झामुमो के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now