झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): बाबा बंशीधर की पावन नगरी श्री बंशीधर नगर स्थित चितविश्राम पीएम श्री हाई स्कूल परिसर में रविवार को भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति, झारखंड प्रदेश की संयुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने झारखंड के प्रत्येक गांव और पंचायत तक योग, स्वास्थ्य जागरूकता तथा स्वदेशी अभियान पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पतंजलि योग समिति के झारखंड राज्य प्रभारी रामजीवन पांडेय तथा प्रदेश प्रभारी राज बिहारी तिवारी थे। बैठक की अध्यक्षता गढ़वा जिला प्रभारी शैलेश कुमार शुक्ला ने की, जबकि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई। इसके बाद चित विश्राम पीएम श्री हाई स्कूल से बाबा बंशीधर मंदिर तक भव्य योग एवं जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली मुख्य बाजार से होकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा बंशीधर का दर्शन-पूजन कर योग, स्वदेशी, स्वास्थ्य जागरूकता एवं संगठन विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में झारखंड के सभी जिलों से आए जिला प्रभारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, गढ़वा जिला कार्यकारिणी एवं विभिन्न प्रखंडों के प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रत्येक पंचायत तक योग पहुंचाने, अधिक से अधिक प्रशिक्षित योग शिक्षक तैयार करने, नियमित योग शिविर आयोजित करने तथा समाज में स्वस्थ जीवनशैली और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जनजागरण अभियान को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि रामजीवन पांडेय ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की भारतीय जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक योग का लाभ पहुंचाना और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना है। बैठक का समापन प्रदेशभर में योग, स्वदेशी और राष्ट्र निर्माण के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
बैठक में चितविश्राम पीएम श्री हाई स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारकानाथ पांडेय, शिक्षक कमलेश पांडेय, संगठन मंत्री प्रदीप केसरी, सत्येंद्र कुमार, पंकज कुमार चौबे, मनदीप प्रसाद, विकास चौबे, ऋषि ठाकुर, शशि चौधरी, सुरेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश केसरी, शिव कुमार साह, सुशील केसरी, सुरेंद्र केसरी, योगेंद्र सोनी, पुने बाबा, अरविंद कुमार मिश्रा, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
श्री बंशीधर की नगरी से प्रदेशभर में योग विस्तार का संकल्प, गांव-गांव तक पहुंचेगा योग अभियान














