गढ़वा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड राज्य में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत गढ़वा जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने के लिए लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय वेश्म से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में प्रतिनियुक्त सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (Additional AERO), जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO), सभी बूथ लेवल पदाधिकारी (BLO), सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवकों (Volunteers) के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान के प्रत्येक चरण की प्रगति का विस्तार से मूल्यांकन किया गया तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान भारत निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित सभी तिथियों का अक्षरशः पालन किया जाना अनिवार्य है। इसलिए अभियान के किसी भी चरण में लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कार्य में लापरवाही या निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि अभियान का लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी ERO एवं AERO को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करते हुए अभियान की दैनिक प्रगति पर सतत निगरानी रखें तथा जहां भी कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को प्रत्येक बूथ का नियमित निरीक्षण करने, गणना प्रपत्रों की गुणवत्ता की जांच करने तथा डिजिटाइजेशन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 29 जुलाई 2026 तक अभियान से जुड़े सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रकाशन समय पर किया जा सके।
बैठक के दौरान अभियान की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 957 ईपी पार्ट्स (EP Parts) का डाउनलोड एवं प्रिंटिंग कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। इसके पश्चात बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य लगातार जारी है। अब तक जिले में कुल 7,98,580 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 92.63 प्रतिशत है।
समीक्षा में यह भी बताया गया कि अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों में से 2,28,567 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। इनमें 440 प्रपत्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया है, जबकि 2,28,127 प्रपत्रों का बूथ लेवल पदाधिकारियों द्वारा सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है। अभियान के अंतर्गत मतदाताओं के विवरण को डिजिटल रूप से अद्यतन करने का कार्य भी निरंतर जारी है।
80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र की प्रगति
बैठक में प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता पंजीकृत हैं। इस क्षेत्र में अब तक 3,78,893 गणना प्रपत्र मतदाताओं के बीच वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 1,06,231 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 255 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 1,05,976 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक सत्यापन बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है।
81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रगति
इसी प्रकार 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां अब तक 4,19,687 गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया है। इनमें से 1,22,336 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 185 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 1,22,151 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है।
बैठक में बताया गया कि मतदाता विवरण की डिजिटाइजेशन प्रक्रिया के साथ-साथ मैपिंग कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक जिले में 94,905 प्रपत्रों की मैपिंग तथा 1,29,020 प्रोजेनी मैपिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि मात्र 4,202 प्रपत्रों की मैपिंग शेष है, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मूल उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित रूप से दर्ज करना है, ताकि भविष्य में होने वाले निर्वाचन के लिए पूरी तरह शुद्ध, विश्वसनीय एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके। इसके लिए सभी बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संकलन, जांच, डिजिटाइजेशन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब बूथ लेवल पदाधिकारी (BLO) आपके घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र को पूरी सावधानी एवं सही जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि आमजन की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से ही एक शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी










