
रांची:
घर से महज चंद कदम की दूरी पर मौत घात लगाए बैठी थी, इसका अंदाजा न तो उस 17 साल की मासूम को था और न ही उसके परिवार को। भाई-भाभी से मिलने का बहाना बनाकर घर की चौखट लांघने वाली 11वीं की होनहार छात्रा को क्या पता था कि नदी की कलकल बहती धारा के पास कोई शैतान उसकी सांसें छीनने के लिए जाल बिछाए बैठा है।
राजधानी रांची से सटे इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाला यह सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 23 वर्षीय दरिंदे ने अपनी हवस और हैवानियत की आग में एक नाबालिग की जिंदगी लील ली।
वो एक कॉल और नशे में बुना गया मौत का फंदा
मुरी चौकी प्रभारी विकास पासवान के मुताबिक, वारदात की शुरुआत एक मोबाइल फोन की घंटी से हुई। नशे के सुरूर में डूबे 23 साल के आरोपी ने लड़की को संपर्क किया और नदी पर ‘नहाने’ चलने का झांसा दिया। बेखबर छात्रा अपनी सात साल की चचेरी बहन को साथ लेकर घर से निकल पड़ी। उसने परिजनों से कहा कि वह पास में ही भाई-भाभी से मिलने जा रही है।
उसे क्या मालूम था कि नदी का किनारा कोई शांत किनारा नहीं, बल्कि उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बनने वाला था।
मासूम के सामने दरिंदगी, फिर दबा दिया गला
सुनसान जगह पर पहुंचते ही नशे में धुत आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया। सूत्रों के अनुसार, दरिंदे ने सत्रह साल की छात्रा के साथ घिनौना कृत्य किया। जब छात्रा ने विरोध किया या राज खुलने का डर सताया, तो हैवान ने बेरहमी से उसका गला घोंटकर उसे हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
लाश को घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर घनी, कंटीली झाड़ियों में फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गया।
जब अकेली लौटी सात साल की बहन, उड़ गए परिजनों के होश
कुछ देर बाद जब सात साल की चचेरी बहन बदहवास हालत में अकेले घर लौटी, तो परिजनों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। बड़ी बहन के गायब होने पर जब तलाश शुरू हुई, तो रविवार को झाड़ियों के बीच से जो मंजर सामने आया, उसने पूरे इलाके को थर्रा कर रख दिया। छात्रा का बेजान शरीर पड़ा हुआ था।
पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, सलाखों के पीछे पहुंचा दरिंदा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिल्ली के डीएसपी मनीष चंद्र लाल के नेतृत्व में गठित टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। महज 24 घंटे के भीतर सोमवार को पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को धर दबोचा।
डीएसपी मनीष चंद्र लाल ने बताया कि पुलिसिया पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और घटनास्थल से जुड़े अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।





