भवनाथपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत
पेट्रोल पंप के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
भवनाथपुर(गढ़वा)। भवनाथपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतकों की पहचान सिंघीताली निवासी आर्यन चौबे (पिता- बुचुन चौबे), धंगरडीहा मकरी निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह (पिता- छतरी सिंह) तथा टंडवा निवासी रोहित सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित सिंह, प्रभात सिंह के रिश्तेदार (साले के पुत्र) थे। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांवों में मातम पसर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही दोनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनी रंजन एवं एएसआई आशुतोष सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
