लातेहार में दो बाइक की टक्कर, दो की मौत: तीन गंभीर रूप से घायल, रांची रिम्स रेफर; गणेशपुर हाई स्कूल के पास हुआ हादसा
![]()
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. यह हादसा गणेशपुर हाई स्कूल के पास दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ. मृतकों की पहचान केरेडारी, हज़ारीबाग़ निवासी महावीर गंझू (32) और टंडवा सिमरटांड़, चतरा निवासी पंकज ओरांव (23) के रूप में की गई है. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घायलों में चतरा के टंडवा बगलता निवासी सविता देवी (35), बालूमाथ के गोलीटांड़ निवासी फूलमती (13) और चतरा के टंडवा सिमरटांड़ निवासी संजय उरांव (21) शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है. गणेशपुर के पास बाइक की आमने-सामने टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महावीर गंझू अपने ससुराल गोलीटांड़ से दो अन्य लोगों के साथ बाइक से आ रहा था. इसी बीच गणेशपुर से बालूमाथ की ओर आ रही एक अन्य बाइक, जिस पर संजय ओरांव और पंकज ओरांव सवार थे, बगौता गणेशपुर के पास आमने-सामने टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्नेह फाउंडेशन के शशि भूषण और संस्था के सदस्य सीसीएल की मोबाइल मेडिकल यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉ. अलीशा टोप्पो और डॉ. खुशबू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बालूमाथ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
Source link
