July 26, 2026

जलता हुआ चूल्हा छोड़ना भूल गए…, कोयले की गैस में दम घुटने से मां-बेटे की मौत; 2 मासूमों की हालत गंभीर, झारखण्ड हिंदी न्यूज़

रांची के रातू स्थित चटकपुर पोखरटोली में शनिवार को 30 वर्षीय पिंकी देवी और उनके दो वर्षीय बेटे श्रवण कुमार की दम घुटने से मौत हो गयी. पिंकी की चार साल की बेटी प्राची और 15 साल की ननद चंदा कुमारी की हालत गंभीर है. दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है. रातू पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है.

झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर पोखरटोली में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय पिंकी देवी और उनके दो वर्षीय बेटे श्रवण कुमार की दम घुटने से मौत हो गयी. वहीं, पिंकी की चार साल की बेटी प्राची और 15 साल की ननद चंदा कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है. दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी अपने पति चंदन साव की मौत के बाद पिछले तीन साल से धनु यादव के किराये के मकान में सास मुनी देवी, ससुर पंचम साव, बेटी प्राची, बेटे श्रवण और ननद चंदा के साथ रह रही थी. शुक्रवार रात करीब 10 बजे सभी ने खाना खाया। इसके बाद पिंकी अपने दोनों बच्चों और ननद के साथ एक कमरे में सो गई, जबकि उसके सास-ससुर दूसरे कमरे में सो गए.

शनिवार सुबह करीब पांच बजे सास मुनी देवी उसे जगाने पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीण एस्बेस्टस की छत तोड़कर कमरे में घुसे तो पिंकी, उसके दो बच्चे और भाभी बेहोशी की हालत में मिले।

परिजन तुरंत सभी को सेवा सदन अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने पिंकी देवी और उनके बेटे श्रवण कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, प्राची और चंदा की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस कमरे में सभी लोग सो रहे थे उसी कमरे में रात को कोयले के चूल्हे पर खाना बनाया गया था. खाना खाने के बाद चूल्हा पूरी तरह नहीं बुझा और जलता रहा. कमरे में पंखा भी चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में कोयले से निकली जहरीली गैस भर गई, जिससे चारों लोग बेहोश हो गए. इससे पिंकी और उसके बेटे की दम घुटने से मौत हो गई।

पिंकी रांची के मेन रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करती थी. परिवार का पैतृक घर बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव में है। सास-ससुर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. इस हादसे के बाद पूरे चटकपुर गांव में मातम का माहौल है.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed