July 26, 2026

गढ़वा में एसआईआर अभियान अंतिम चरण में, शत-प्रतिशत गणना फॉर्म वितरित, 7.25 लाख फॉर्म डिजिटाइज्ड

भास्कर न्यूज गढ़वा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में चल रहे विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वा जिले में काम अंतिम चरण में पहुंच गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्र की देखरेख में अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी प्रक्रियाएं तय समय के अंदर पूरी हो जाये. जिला प्रशासन के अनुसार जिले में गणना प्रपत्रों का वितरण शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब तक 7,25,413 गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है तथा 7,25,096 प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ स्तर पर किया जा चुका है। जबकि 317 फॉर्म ऑनलाइन जमा हो चुके हैं, जिनका सत्यापन अभी बाकी है। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण आयोग के मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके. उन्होंने बताया कि 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता हैं. यहां गणना प्रपत्रों का वितरण पूरी तरह से पूरा हो चुका है। अब तक 3,49,797 फॉर्म डिजिटल किए जा चुके हैं, 3,49,557 सत्यापित किए जा चुके हैं और 240 फॉर्म ऑनलाइन जमा किए जा चुके हैं। इसी तरह 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता हैं. यहां भी गणना प्रपत्रों का वितरण शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब तक 3,75,616 फॉर्म डिजिटाइज़ किए जा चुके हैं, 3,75,539 सत्यापित किए जा चुके हैं और 77 फॉर्म ऑनलाइन जमा किए जा चुके हैं। विशेष श्रेणी के मामलों की भी जांच चल रही है. अभियान के तहत विशेष श्रेणी के मतदाताओं की पहचान का काम भी चल रहा है. जिले में अब तक एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट, डेथ आदि (एएसडीडीएफ) के 5166 मामले, डीएसई (डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री) के 15857 मामले और अनकलेक्टेबल फॉर्म इलेक्टर्स के 82,054 मामले चिह्नित किए गए हैं। इन सभी मामलों का निष्पादन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह से पारदर्शी एवं विश्वसनीय बने. जिला प्रशासन ने अभियान से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को 29 जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए ईआरओ, एईआरओ और पर्यवेक्षक नियमित क्षेत्र निरीक्षण कर रहे हैं। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्र ने जिले के मतदाताओं से बीएलओ से संपर्क करने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed