July 26, 2026

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद गुमला में कांग्रेस का विजय जुलूस, आतिशबाजी

भास्कर न्यूज|गुमला केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने गुमला में विजय जुलूस निकाला और इसे देश के लाखों छात्र-युवाओं के संघर्ष की जीत बताया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह विजय जुलूस किसी राजनीतिक दल की जीत का जश्न नहीं है, बल्कि उन छात्रों की जीत का सम्मान है जिन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठाई. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुमला जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विजय जुलूस का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी मानिकचंद साहू ने किया. कार्यक्रम में सह प्रभारी के रूप में नगर अध्यक्ष जय सिंह व रफी अली मौजूद रहे. विजय जुलूस की शुरुआत स्थानीय स्टेडियम परिसर स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जलाकर की गयी. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए विजय जुलूस की शक्ल में टावर चौक पहुंचे. यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जमकर आतिशबाजी की गई और छात्रों के संघर्ष को सलाम किया गया. अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों की आवाज सबसे मजबूती से उठाने वालों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं के मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं बनने दिया, बल्कि संसद से लेकर सड़क तक उनके साथ खड़े रहे और उनकी आवाज उठाई. उन्होंने कहा, आज का विजय मार्च उन लाखों छात्रों और युवाओं को समर्पित है। मानिकचंद साहू ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों और युवाओं की आवाज की जीत है, जिसे दबाने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों परिवार अपने बच्चों की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वर्षों तक कड़ी मेहनत और आर्थिक त्याग करते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रणाली में किसी भी तरह की अनियमितता का असर सिर्फ एक परीक्षा पर नहीं पड़ता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों पर पड़ता है. मौके पर सैयद खालिद, सगीर आलम, पंचम विलंग, अरुण कुमार, आजाद अंसारी, साहेब वसीम, अनिरुद्ध चौबे, रूपेश कुमार, मिनहाज खान, मंसूब अंसारी, मोहम्मद इम्तियाज, रोहित राम, राजदीप कुजूर, मनोरंजन टोप्पो समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed