घाघरा-रूकी घाटी सड़क को मिली मंजूरी
भास्कर न्यूज|गुमला झारखंड सरकार ने गुमला जिले के घाघरा प्रखंडवासियों को बड़ी सौगात दी है। घाघरा से जोकरी होते हुए रान्हे, कुंडो और रुकी घाटी तक करीब 19.100 किलोमीटर लंबी नई सड़क निर्माण योजना को मंजूरी दी गई है. इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना पर कुल 101 करोड़ 77 लाख 37 हजार 700 रुपये की लागत आयेगी. कल्याण मंत्री सह विष्णुपुर विधायक चमरा लिंडा की विशेष पहल पर इस ऐतिहासिक सौगात को मंजूरी दी गयी है, जिससे क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी. यह सड़क आजादी के बाद से घाघरा प्रखंड के सुदूरवर्ती बिमरला, दिरगांव और रूकी पंचायत समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए सबसे बड़ी और मुख्य मांग रही है. जर्जर सड़कों और गंभीर परिवहन कठिनाइयों के कारण, ग्रामीणों को शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार के अवसरों और स्थानीय बाजारों तक पहुँचने में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी दयनीय थी कि बरसात के दिनों में इन गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय व अन्य इलाकों से लगभग पूरी तरह कट जाता था. समय पर इलाज न मिलने से कई लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण कई गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों की जान चली गयी है. परिवहन के साधनों के अभाव के कारण ये क्षेत्र ग्रामीण विकास की मुख्य धारा से कोसों दूर थे। इस बड़ी समस्या को लेकर विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया था.
Source link
