चलती ट्रेन के एसी कोच में दीपक और अगरबत्ती जलाकर पूजा करते एक यात्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे गंभीर सुरक्षा खतरा बताया.
चलती ट्रेन में हनीमून मनाने के लिए सजावट का वीडियो तो आपने देखा ही होगा. इससे पहले हवन-पूजा का वीडियो भी आया था. ऐसा ही एक और वीडियो सामने आया है. इसमें एक शख्स एसी कोच में दीपक और अगरबत्ती जलाकर पूजा करता नजर आ रहा है. वीडियो बनाने वाला शख्स ऐसा करने पर आपत्ति जताता है, लेकिन उसके कानों पर जूं तक रेंगती नजर नहीं आती.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है. रेलवे ने भी घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच के लिए ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और पीएनआर जैसी जानकारी मांगी है।
चलती ट्रेन के एसी कोच में अगरबत्ती जलाई गई.
वायरल वीडियो में एक यात्री एसी कोच की ऊपरी बर्थ पर बैठकर प्रार्थना करता नजर आ रहा है. इस दौरान उन्होंने तेल का दीपक और अगरबत्ती जला रखी है. कुछ ही देर में कोच के अंदर धुआं फैलने लगता है. तभी दूसरा यात्री उसे रोकता है और कहता है कि चलती ट्रेन के बंद एसी डिब्बे में इस तरह खुली आग जलाना बहुत खतरनाक हो सकता है.
वीडियो बनाने वाले ने पूजा पर आपत्ति जताई थी.
इस वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर झारखंड रेल यूजर्स नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था. पोस्ट में कहा गया है कि अगरबत्ती का धुआं ट्रेन के फायर अलार्म को सक्रिय कर सकता है। वहीं, चलती ट्रेन में खुली आग जलाने से भी आग लगने का गंभीर खतरा हो सकता है।
जानिए क्यों था ये खतरनाक
रेलवे विशेषज्ञों के मुताबिक, धुएं का पता लगाने के लिए एसी कोचों में ऑटोमैटिक स्मोक डिटेक्टर लगे होते हैं। यदि अत्यधिक धुआं फैलता है, तो फायर अलार्म सक्रिय हो सकता है और ट्रेन की आपातकालीन ब्रेकिंग प्रणाली भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा एसी कोच में इस्तेमाल होने वाले गद्दे, पर्दे और सीटों का कुछ हिस्सा ज्वलनशील पदार्थ से बना होता है, जिससे छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रेलवे ने मांगी जानकारी, कहा शिकायत दर्ज कराओ
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रेलवे सर्विस ने वीडियो पोस्ट करने वाले शख्स से ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और पीएनआर नंबर मांगा है, ताकि मामले की जांच की जा सके. रेलवे ने यह भी कहा कि यात्री ऐसी घटनाओं की शिकायत सीधे रेल मदद पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी
इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं. कई लोगों ने कहा कि धार्मिक आस्था अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर ऐसा कोई काम नहीं किया जाना चाहिए, जिससे दूसरे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो. कुछ यूजर्स ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाने की भी मांग की.
हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि वीडियो किस ट्रेन का है और घटना कब की है। रेलवे ने कहा है कि आवश्यक जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी.



