
![]()
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी मंदिर के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया और बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. सोमवार की देर रात चोर दुकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गये। उन्होंने वहां रखा कीमती सामान समेटा और भाग गये. सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में सनसनी फैल गयी. शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. टूटा हुआ दरवाजा, बिखरा हुआ सामान और महंगे फोन गायब मिले। दुकान संचालक सूरज दास ने बताया कि वह सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गये थे. मंगलवार की सुबह जब वह दुकान खोलने गये तो दरवाजा टूटा पाया और अंदर का नजारा देख कर सन्न रह गये. दुकान में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि ग्राहकों द्वारा रिपेयरिंग के लिए रखा गया एक लैपटॉप और आठ महंगे मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। सूरज दास के मुताबिक चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस: घटना की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक सबूत भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. इधर, इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से भी अविलंब कार्रवाई कर चोरी गये सामान की बरामदगी की गुहार लगायी है.
Source link

