
जेपीएससी-जेएसएससी मामले को लेकर सत्याग्रह धरना जारी
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामले की जांच के दौरान जांच एजेंसी के समक्ष कई महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं। जांच का दायरा अब झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के परीक्षाओ तक पहुंच गई है।जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में चल रहे छात्रों के सत्याग्रह धरना का रविवार को नौवां दिन जारी रहा। धरना स्थल पर छात्र आंदोलन का समर्थन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, विवादित परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित जेपीएससी व जेएसएससी सीजीएल व अन्य परीक्षा परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर यह भूख हड़ताल जारी किया।
उन्होंने कहा कि जेपीएससी विवादित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी हुए एक माह बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों पर राज्य सरकार के मंशा पर खोट है।
अपने मांगों की पूर्ति तक सत्याग्रह व भूख हड़ताल जारी रहेगा।





