
साहिबगंज से धनबाद जेल ले जाते समय भागने की कोशिश, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
जामताड़ा। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल स्थानांतरित किए जाने के दौरान उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सुजीत सिन्हा को कड़ी सुरक्षा के बीच साहिबगंज जेल से धनबाद ले जा रही थी। जामताड़ा जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित कुसोई मोड़ के पास उसने शौच जाने की बात कही। पुलिस द्वारा वाहन रोकने पर उसने कथित तौर पर एक जवान का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
कई संगीन मामलों का था आरोपी
सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे चर्चित और वांछित अपराधियों में शामिल था। उसका नेटवर्क रांची, रामगढ़, धनबाद, बोकारो सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र तक फैला हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज थे।
पुलिस का दावा है कि जेल में बंद रहने के बावजूद वह अपने गिरोह का संचालन करता था। सुरक्षा कारणों से उसे समय-समय पर अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित किया जाता रहा। पिछले कुछ वर्षों में झारखंड पुलिस ने उसके गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया, जिसमें कई अपराधियों की गिरफ्तारी हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।






