
जमशेदपुर: शहर के बर्मा माइंस थाना क्षेत्र में मुस्लिम बस्ती में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मुस्लिम बस्ती के समीप कंटेनर यार्ड के पास अज्ञात हमलावरों ने आफताब खान नामक युवक को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार, चली गोलियों में एक गोली आफताब खान को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मा माइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




