
उपायुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
जमशेदपुर: परसुडीह क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जलजमाव और नाली की समस्या को लेकर गुरुवार को पूर्व जिला परिषद सदस्य राना डे ने पूर्व विधायक मेनका सरदार के साथ उपायुक्त से मुलाकात की।

इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए एक मांग पत्र भी सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि करनडीह रेलवे फाटक के समीप नाली जाम रहने के कारण सड़क पर लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रहती है

, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा करनडीह से शीतला चौक तथा आसपास की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
पूर्व विधायक मेनका सरदार और राना डे ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाएगा।




