
उत्तर प्रदेश:शामली जिले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1 लाख के इनामी कुख्यात बदमाश मोहम्मद फुरकान को मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर झिंझाना थाना क्षेत्र के अहमदगढ़ चौकी अंतर्गत रंगाना फार्म के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, फुरकान ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर कार्बाइन और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से पुलिस सिपाही हरविंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पेट में गोली लगने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक स्वचालित कार्बाइन, एक पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, फुरकान पिछले दो दशकों से अधिक समय से संगठित अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में हत्या, लूट, रंगदारी, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के 30 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था।
कैराना पलायन कांड से जुड़ा था नाम
फुरकान का नाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित कैराना पलायन प्रकरण से भी जुड़ा रहा है। वह कैराना के दो कारोबारियों विनोद और शिवकुमार की हत्या का आरोपी था। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना और पलायन का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था।
मुकीम काला गैंग का सक्रिय शूटर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, फुरकान कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय शूटर माना जाता था। लंबे समय से फरार चल रहे फुरकान की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। ताजा एनकाउंटर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की जांच जारी है।





