
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। इस हादसे में उसके साथी अहजम उर्फ सोनू ने भी दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज से झांसी आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में अबान अहमद और उसका साथी शामिल हैं। वहीं, मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अबान अपने भाई अली अहमद, जो फिलहाल झांसी जेल में बंद है, उससे मुलाकात करने जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।




