The dead woman's body. Focus on hand
पाकुड़:झारखंड के पाकुड़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झानागड़िया गांव में गुरुवार तड़के कथित तौर पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस के अनुसार, बिचामहल निवासी एबरास अंसारी अपनी ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार देर रात परिवार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने पहले अपनी 20 वर्षीय पत्नी गुलचेहरा बीवी पर धारदार हथियार से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 45 वर्षीय सास मैनेजा बेवा भी हमले का शिकार हो गई। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो घर के भीतर का मंजर देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना पर लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की बहन नूरनेहा बीवी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना ने परिवार के तीन मासूम बच्चों की जिंदगी भी पूरी तरह बदल दी है। मृतका अपने पीछे दो बेटियां और एक दूधमुंहा बेटा छोड़ गई है। एक ही रात में बच्चों ने अपनी मां और नानी दोनों को खो दिया, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस घरेलू विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।



