
बरडीहा में प्रशासनिक सजगता का दिख रहा व्यापक असर:
बरडीहा : प्रखंड में जनसुविधाओं को दुरुस्त करने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर पारदर्शी तरीके से लागू करने के उद्देश्य से प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। बीडीओ द्वारा प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से 09:30 बजे तक किए जा रहे नियमित क्षेत्र भ्रमण से प्रखंड क्षेत्र में प्रशासनिक कसावट आई है और आमजन में जागरूकता बढ़ी है।
इसी क्रम में आज बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने अपने आवास से कौवाखोह गाँव तक की पैदल यात्रा कर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ लगभग 150 ग्रामीणों की उत्साही उपस्थिति रही।
सड़क अतिक्रमण एवं विवादों का ऑन-द-स्टाप निपटारा:
कौवाखोह गाँव की गलियों के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों के सहयोग से सड़कों पर बने अवैध घोरान, खूँटे और नाद को हटवाकर सड़कों की व्यापक सफाई कराई गई। वर्षों से चले आ रहे कई जमीन व सड़क विवादों का मौक़े पर ही सहमति से समाधान किया गया। जिन सड़कों से गुजरने में पूर्व में घंटों लगते थे, वे अब पूरी तरह से साफ और आवागमन हेतु सुगम हो गई हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प:
क्षेत्र भ्रमण का ही नतीजा है कि पूर्व में समय पर न खुलने वाले अथवा बंद रहने वाले आंगनबाड़ी केंद्र अब ससमय खुलने लगे हैं। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कौवाखोह स्थित दो आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लिया।
उन्होंने सेविकाओं/सहायिकाओं को सख्त हिदायत व अनुरोध किया कि:
* केंद्र समय पर खोलें और बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।
* बच्चों के लिए खिलौनों एवं खेल-कूद की समुचित व्यवस्था करें।
* बच्चों को खेल-खेल में हँसी-खुशी के माहौल में शिक्षा दें तथा उनके बैठने, बोलने व व्यवहार कुशलता पर विशेष ध्यान दें।
स्वास्थ्य उप-केंद्र भवन खाली कराने का निर्देश:
कौवाखोह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य उप-केंद्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विगत 3 वर्षों से स्वास्थ्य सहिया अपने परिवार के साथ भवन में रह रही थीं और उप-केंद्र का संचालन बाधित था।
बीडीओ द्वारा सहिया को अविलंब स्वास्थ्य उप-केंद्र भवन खाली करने का निर्देश दिया गया।
पीडीएस, खाद-बीज विक्रेताओं एवं स्वच्छता पर नजर:
प्रशासनिक सक्रियता से जहाँ जन वितरण प्रणाली दुकानों एवं खाद-बीज विक्रेताओं में हड़कंप है, वहीं ग्रामीण भी सड़कों पर गंदा पानी बहाने एवं अतिक्रमण को लेकर खुद सतर्क दिख रहे हैं।
जन-संवाद एवं त्वरित प्रशासनिक निर्देश:
भ्रमण के दौरान बीडीओ ने गाँव के मंदिर में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। जमीन से जुड़े लंबित मामलों को लेकर अमीन को त्वरित रूप से स्थल मापी कर प्रतिवेदन देने का निर्देश जारी किया गया।
> प्रखंड विकास पदाधिकारी का संदेश:
> “हमारा एकमात्र उद्देश्य प्रखंड के हर नागरिक तक सरकारी सेवाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुँचाना है। विकास कार्यों में ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय है। अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और अनुशासित प्रखंड बनाने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”
>






