
रांची:झारखंड में JPSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब अहम मोड़ पर पहुंच गया है। सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव मिलने के बाद आंदोलनकारी छात्रों ने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन कर वार्ता के लिए सहमति दे दी है। हालांकि छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे संवाद की शर्त रखी है।
दूसरी ओर, परीक्षा घोटाले की जांच में CID की कार्रवाई तेज हो गई है और अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आइए जानते हैं छात्र आंदोलन, सरकार की पहल और पूरे विवाद से जुड़े सभी बड़े अपडेट।
झारखंड में JPSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का विरोध कर रहे छात्रों को सरकार ने बातचीत का प्रस्ताव दिया है। छात्र इसके लिए तैयार हो गए। सरकार से बातचीत के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जाएगा। इसमें 8 छात्र, 2 पत्रकार और 1 वकील होंगे। बातचीत के दौरान सिर्फ छात्र प्रतिनिधि ही अपनी बात रखेंगे।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि बुधवार को सरकार का प्रस्ताव लेकर आए SDO ने छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम मांगे थे। अभी बैठक की तारीख और समय तय होगा बाकी है। छात्रों ने शर्त भी रखी कि कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बात करें।
CM हेमंत सोरेन ने बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई है। देवेंद्र नाथ महतो समेत 6 छात्र अनशन पर हैं। वे मामले में CBI-ED जांच की मांग कर रहे हैं।
बुधवार रात CID ने रांची और लखनऊ में छापेमारी कर परीक्षा संचालन करने वाली आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब तक 19 लोग पकड़े जा चुके हैं।
खड़गे ने कहा- कांग्रेस छात्रों के साथ है
झारखंड में छात्र प्रोटेस्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लकिर्जुन ने पहली पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ है। झारखंड, पंजाब, दिल्ली या कहीं भी हो, राहुल गांधी जी और पूरी कांग्रेस पार्टी हमारे विद्यार्थियों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे हमारा अलाइंस पार्टनर हो या हमारा विपक्ष हो हम उनसे पूछेंगे कि गलती कहां और क्यों हुई। हम सभी को पत्र लिख रहे हैं।
2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इसमें 2,204 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए। इसके बाद 18 से 20 जुलाई के बीच मेंस परीक्षा होनी थी।
रिजल्ट आने के बाद कई उम्मीदवारों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कट-ऑफ जारी नहीं की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार की कथित OMR शीट वायरल हुई।
दावा किया गया कि उसने सिर्फ 48 सवाल हल किए, फिर भी वह मेंस के लिए चुन लिया गया। वहीं, रिजल्ट पर आयोग के अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे। विवाद बढ़ने के बाद JPSC ने मेंस परीक्षा रद्द कर दी।
छात्र आंदोलन से जुड़े कल के बड़े अपडेट्स
मुख्यमंत्री की वार्ता का संदेश लेकर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने छात्रों को सीएम का संदेश दिया।
सीएम ने छात्रों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव को शामिल किया गया है।
सीएम ने बुधवार दोपहर अपने आवास पर इन मंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें छात्रों से बातचीत पर चर्चा हुई। इसके बाद छात्र नेताओं को बातचीत का बुलावा भेजा गया। लेकिन वार्ता पर सहमति नहीं बन सकी।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 2 अगस्त से अन्न-जल छोड़ रखा था। सोनम वांगचुक ने देवेंद्र से वीडियो कॉल पर बात की। उनकी अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने पानी पिया, लेकिन कहा कि उनका अनशन जारी रहेगा।




