
झारखंड वार्ता संवाददाता
केतार (गढ़वा)। नाबालिग युवती से छेड़छाड़ एवं यौन उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे एक स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ केतार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के दोनों ठिकानों पर इश्तेहार चस्पा कर मुनादी कराई। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, केतार थाना कांड संख्या 35/2026 में आरोपी सुनील कुमार पांडेय, पिता स्व. जयनंदन पांडेय, के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ एवं यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उसके मूल निवास शिवपुर (थाना कांडी) तथा वर्तमान निवास साहिजना (गढ़वा) में इश्तेहार चस्पा कर कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि घटना के समय आरोपी केतार थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय ताली में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत था। मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले ही न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया था। इसके बावजूद उसके आत्मसमर्पण नहीं करने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत इश्तेहार चस्पा किया गया। मुनादी के माध्यम से लोगों को भी आरोपी के फरार होने की जानकारी दी गई।
इस संबंध में केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। किसी भी हाल में आरोपी को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। आमजन से भी अपील है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, अवर निरीक्षक चंदन साह सहित केतार थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







