
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया।
मृत बच्ची की पहचान आरोही कुमारी (7) के रूप में हुई है। घायलों में रेयांश (11) और रौशन वर्मा (30) शामिल हैं।
कार वॉश कराने पहुंचे थे पिता, सड़क किनारे खड़े थे बच्चे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय बच्ची अपने पिता के साथ गोविंदपुर अन्ना चौक के पास पहुंची थी। पिता कार को वॉशिंग सेंटर में लगाने के लिए गए थे, जबकि दोनों बच्चे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एस.डी. पब्लिक स्कूल की बस तेज गति से वहां से गुजरी और बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि आरोही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेयांश और रौशन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, मुख्य मार्ग जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने जिप सदस्य परितोष सिंह के नेतृत्व में मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।
बस छोड़कर भाग रहा था चालक, लोगों ने पकड़ लिया
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे टेल्को क्षेत्र के हुरलूंग के पास बस समेत पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ बस की रफ्तार और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।





