
रांची: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रांची पुलिस की ओर से होटल और लॉज में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में 13 और 14 अगस्त की देर रात पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पश्चिम बंगाल की सात युवतियों समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में दोनों मामलों के तार राजन नाम के एक व्यक्ति से जुड़ते नजर आए हैं। पुलिस के मुताबिक राजन इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रांची पुलिस के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी के होटल, लॉज और गेस्ट हाउस में विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के कमरों में देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद कार्यपालक दंडाधिकारी जफर हसनात की मौजूदगी में पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे होटल में छापेमारी की।
पुलिस ने होटल के पांच कमरों की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग कमरों से आठ युवक-युवतियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया।
जांच में सामने आया कि पकड़ी गई युवतियों में कई पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं।
पूछताछ के दौरान होटल मैनेजर की भूमिका भी पुलिस के सामने आई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक ग्राहकों से मोबाइल फोन और WhatsApp के माध्यम से संपर्क किया जाता था। इसके बाद ग्राहकों के लिए होटल में कमरे की व्यवस्था की जाती थी। पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई एक युवती ने पूछताछ में बताया कि वह राजन नाम के व्यक्ति के माध्यम से होटल पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में होटल मैनेजर, पकड़े गए युवकों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई लालपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में की गई। पुलिस को यहां भी देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तड़के करीब तीन बजे गेस्ट हाउस में छापेमारी की गई।
रिसेप्शन पर मौजूद गेस्ट हाउस संचालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने पहली मंजिल के कमरों की तलाशी ली। एक कमरे से एक युवक और एक युवती मिली, जबकि दूसरे कमरे से दो युवतियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया। इस मामले में गेस्ट हाउस संचालक, एक युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में युवतियों ने कथित तौर पर राजन को इस पूरे नेटवर्क का मुख्य व्यक्ति बताया है। पुलिस के मुताबिक राजन ग्राहकों से बातचीत कर सौदा तय करता था। इसके बाद कैब ड्राइवरों के माध्यम से युवतियों को संबंधित होटल या गेस्ट हाउस तक पहुंचाया जाता था।
जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि युवतियों को निश्चित अवधि के लिए पैसे दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, एक युवती को 13 दिनों के लिए 50 हजार रुपये और दूसरी अवधि के लिए 15 दिनों का 60 हजार रुपये भुगतान किए जाने की जानकारी मिली है। रांची में उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी गेस्ट हाउस संचालक की ओर से किए जाने की बात पूछताछ में सामने आई है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक नेटवर्क से जुड़े लोग पश्चिम बंगाल से युवतियों को रांची बुलाते थे। इसके बाद उन्हें ग्राहकों के संपर्क में लाया जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को रांची बुलाने, ग्राहकों तक पहुंचाने और होटल या गेस्ट हाउस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दोनों अलग-अलग छापेमारी में एक ही व्यक्ति (राजन) का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस के अनुसार राजन के खिलाफ लालपुर थाने में पहले भी मामले दर्ज हैं। अब उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ-साथ मौजूदा नेटवर्क में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस राजन की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
रांची पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि राजधानी में इस कथित नेटवर्क का संचालन कब से हो रहा था, पश्चिम बंगाल से युवतियों को कौन बुलाता था, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से किया जाता था और होटल-गेस्ट हाउस संचालकों की इसमें क्या भूमिका थी।
पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और फरार बताए जा रहे राजन की तलाश जारी है।







