
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्री बंशीधर नगर में पहली बार आयोजित भव्य डांडिया-गरबा नृत्य महोत्सव नवरास-2026 के समापन पर बुधवार की रात भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। हिंदू सेना के तत्वावधान में नगर पंचायत क्षेत्र के अधौरा रोड स्थित सर्किट हाउस के बगल में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में बिहार की सुप्रसिद्ध भजन गायिका करीना पांडेय और शोभिता पांडेय ने एक से बढ़कर एक देवी गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। उनके गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी।

भक्ति जागरण का शुभारंभ युवा समाजसेवी दीपक प्रताप देव और श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी अविनाश राज ने संयुक्त रूप से मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद गायिकाओं ने देवी गीतों की प्रस्तुति शुरू की। ‘अहे मालिन, कवन मालिन माई के बुलावले हो… ‘पानवा नियन मइया पातर हो बाड़ी, फुलवा नियन सुकुमार हो…’ जैसे गीतों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दोनों बहनों ने छठ गीतों सहित कई भक्ति गीत प्रस्तुत किए। गीत-संगीत के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। करीना पांडेय और शोभिता पांडेय ने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांध दिया। मां दुर्गा की भक्ति में डूबे श्रद्धालु गीतों के साथ झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। नवरात्र के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए समिति की ओर से बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी।

अतिथियों और गायिकाओं को किया सम्मानित
नवरास डांडिया-गरबा महोत्सव के प्रायोजक श्री बंशीधर ऑटो के संचालक मनीष कमलापुरी एवं वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट के संचालक राकेश विश्वकर्मा, श्री गणपति ज्वेलर्स के संचालक मनोज सोनी और गुलाब नर्सिंग कॉलेज के संचालक डॉ. संतोष कुमार सहित हिंदू सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विनीत कुमार शरद, शैलेश अग्रवाल, दयानंद विश्वकर्मा, आनंद प्रकाश मिश्रा और दीप जायसवाल ने संयुक्त रूप से युवा समाजसेवी दीपक प्रताप देव एवं दोनों गायिकाओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्हें श्री राधा-कृष्ण बंशीधर मंदिर की तस्वीर और आकर्षक उपहार भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर युवा समाजसेवी दीपक प्रताप देव ने कहा कि श्री बंशीधर नगर में इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होना अच्छी पहल है। ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ हमारी धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूती मिलती है।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी, रमना प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी, डॉ. निशीथ नीरव, उदय प्रकाश जायसवाल, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, नीरज कमलापुरी, नित्यानंद चौबे, मिक्की जायसवाल, कामेश्वर प्रसाद, आकाश सोनी,बब्बी जायसवाल,शुभम सिंह, प्रेम कुमार,नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।







