
पश्चिम बंगाल: नदिया जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाशीपाड़ा इलाके में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की कथित तौर पर गोली और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से महज 200 मीटर पहले रोकी गई कार
मिली जानकारी के मुताबिक, अनीसुर रहमान अपने बेटे के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेल गेट के पास बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर गोली चलाने के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल उनके घर से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर था। हमले के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल दोनों के शव नकाशीपाड़ा अस्पताल में रखे गए हैं।
कांग्रेस में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके थे अनीसुर
अनीसुर रहमान नकाशीपाड़ा इलाके में कांग्रेस के जाने-पहचाने नेताओं में शामिल थे। वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अनीसुर लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में आक्रोश फैल गया।
परिजन बोले- दुश्मनी के कारण की गई हत्या
घटना के बाद मृतक की साली ने आरोप लगाया कि अनीसुर रहमान लगातार लोगों के साथ खड़े रहते थे और कांग्रेस के लिए सक्रिय रूप से काम करते थे। उन्होंने आशंका जताई कि व्यक्तिगत दुश्मनी और ईर्ष्या के चलते उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि, उनके बेटे को भी क्यों मारा गया, इसे लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पिता-पुत्र घर की ओर जा रहे थे और रेल गेट के सामने उन पर हमला किया गया। घटना घर से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही नकाशीपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले की साजिश किसने रची, हत्या का मकसद क्या था और वारदात में कितने लोग शामिल थे। पुलिस स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने की निंदा, रविवार को काला दिवस का ऐलान
घटना पर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की हत्या की निंदा करते हुए रविवार को पूरे राज्य में काला दिवस मनाने का आह्वान किया है।
शुभंकर सरकार ने कहा कि नदिया के कांग्रेस नेता और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या बेहद गंभीर घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अल्पसंख्यकों और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। हत्या के पीछे राजनीतिक विवाद, व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी अन्य वजह की भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




