
पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र के मतुली गांव में घरेलू विवाद के बाद एक बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर पिता की जान ले ली और वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जंगल में ले जाकर छिपा दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाकर शव बरामद कर लिया। फिलहाल आरोपी बेटा फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मृतक की पहचान मतुली गांव निवासी जगतपाल सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम संटू सिंह बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और संटू सिंह ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जगतपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस और परिजनों से घटना को छिपाने के लिए शव को मतुली जंगल में ले जाकर छिपा दिया। स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी शव को जंगल में इस उद्देश्य से छिपाकर रखना चाहता था कि बाद में अंधेरे में उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाए, जिससे घटना की जानकारी किसी को न हो सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद पांकी थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने मतुली के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की खोजबीन के बाद जंगल के अंदर से जगतपाल सिंह का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी संटू सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।






