
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर अंतर्गत गदरा गोकुल नगर के अंबेडकर नगर में स्वतंत्रता दिवस के दिन चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना 15 अगस्त की दोपहर की बताई जा रही है। चोर घर से करीब 60 हजार रुपये नकद और लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजा शर्मा अपने परिवार के साथ 15 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे निजी काम से परसुडीह मार्केट गए थे। करीब दो घंटे बाद जब परिवार शाम लगभग 5 बजे घर लौटा तो घर के अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद तत्काल घटना की जानकारी परसुडीह थाना पुलिस को दी गई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में चोरी की घटना को लेकर नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि दिन के समय भी घर सुरक्षित नहीं हैं तो पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
वहीं, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस-प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
फिलहाल इस घटना के बाद अंबेडकर नगर के लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।






