
रांची: पिठोरिया थाना क्षेत्र के बुचा घाटी में रविवार को तेज रफ्तार एलपी ट्रक के अनियंत्रित होने से भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सड़क पर चल रही तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, एलपी ट्रक पिठोरिया से पतरातू की ओर जा रहा था। इसी दौरान बुचा घाटी के पास ट्रक ने WB 38AY 4739 नंबर की कार को टक्कर मार दी। कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही तीन बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक ट्रक में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
दुर्घटना में केरेदारी प्रखंड के पचरा गांव निवासी अंकित कुमार (18 वर्ष), पिता मनोज साहू, तथा पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के काजी नगर निवासी गोपाल राम (58 वर्ष), पिता महेश राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पिठोरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त एलपी ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







