
रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र के इचाडीह के पास रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में स्कूटी सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, तीनों जॉयदा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान इचाडीह के समीप हाईवे पर एक ट्रक दूसरे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक सामने से ट्रक को आता देख स्कूटी चला रहे बुधन मुंडा ने हादसा टालने के लिए जोर से ब्रेक लगाया।
अचानक ब्रेक लगने से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे बैठे नगन मुंडा और शीला कुमारी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं स्कूटी चला रहा बुधन मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल बुधन मुंडा को सड़क से उठाकर तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान राहे थाना क्षेत्र के फुलवैर निवासी 17 वर्षीय नगन मुंडा और बुंडू थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी 16 वर्षीय शीला कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल बुधन मुंडा की उम्र 18 वर्ष बताई गई है और वह भी फुलवैर गांव का रहने वाला है।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान करने और फरार चालक का पता लगाने में जुटी है।







