
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब तेज आवाज में बज रहे डीजे की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के दौरान कुछ युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद खड़ा हो गया, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।
पुलिस का दावा है कि समझाने-बुझाने के दौरान स्थिति बिगड़ गई और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एएसआई कृष्णा कुमार को चोटें आईं। घायल अधिकारी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब हिरासत में लिए गए युवकों के परिजनों ने पुलिस पर ही मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगा दिए।
फिलहाल पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों के दावों और आरोपों की जांच कर रहा है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।





