
गढ़वा: जिले में शुक्रवार को JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले छात्रों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। टाउन हॉल मैदान से छात्र सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पुतला दहन के लिए निकल रहे थे। हालांकि, मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट ने छात्रों को रोक दिया और पुतला दहन की अनुमति नहीं दी।
प्रदर्शन के दौरान छात्र सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच मौके पर मौजूद एक जेएमएम नेता ने छात्रों की सरकार विरोधी नारेबाजी पर आपत्ति जताई। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद छात्रों और अन्य लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि छात्रों को पुतला दहन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।







