
गोड्डा: जिले के बसंतराय थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में बसंतराय थाना के एएसआई सत्यजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल एएसआई को इलाज के लिए पथरगामा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कब्रिस्तान की घेराबंदी के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बसंतराय थाना क्षेत्र के राहा गांव में कब्रिस्तान की घेराबंदी का काम चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर नशे की हालत में कुछ विवादित टिप्पणी किए जाने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ने लगा और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
विवाद की सूचना पुलिस को मिली तो थाना प्रभारी रामबहादुर राय के निर्देश पर एएसआई सत्यजीत यादव पुलिस बल के साथ मामले को शांत कराने के लिए हरिजन टोला निवासी प्रमोद दास के घर पहुंचे।
पुलिस के पहुंचते ही जुट गई भीड़
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचने के बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में एएसआई सत्यजीत यादव के सिर में गंभीर चोट लग गई।
हमले के बाद पुलिस टीम ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायल एएसआई को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
13 नामजद समेत 25 अज्ञात पर केस
बसंतराय थाना प्रभारी रामबहादुर राय के अनुसार, पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में कुल 13 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की तहकीकात के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम पर हमले के बाद बढ़ी सख्ती
पुलिसकर्मी पर हमले की घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। विवाद की शुरुआत से लेकर पुलिस टीम पर हुए हमले तक की पूरी घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







