
गढ़वा: जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रील बनाने के दौरान एक युवती के साथ ऐसा हादसा हो गया, जिसने उसकी जान तक जोखिम में डाल दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
नगर ऊंटारी रेलवे मार्ग पर जोबरइया गांव के समीप मोबाइल से रील बनाने के दौरान 19 वर्षीय युवती चलती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती के दोनों हाथ कट गए। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की 19 वर्षीय बेटी पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरइया गांव के पास रेलवे लाइन के समीप गई थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सभी लोग मोबाइल फोन से रील बना रहे थे। वीडियो बनाने के क्रम में पूर्णिमा रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गई और इसी दौरान रांची-चोपन रेल मार्ग पर गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गई।
ट्रेन की चपेट में आने से पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए, जबकि शरीर के दूसरे हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बिना देर किए घायल युवती को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवती की स्थिति बेहद गंभीर होने के कारण उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






