{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false}
जमशेदपुर:दोस्ती और विश्वास का फायदा उठाकर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला साकची थाना क्षेत्र से सामने आया है। काशीडीह लाइन नंबर-13 निवासी मेघा बोस ने अपनी करीबी दोस्त रीना कुमारी और उसके परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बिजनेस शुरू कराने के नाम पर करीब 13 लाख रुपये का लोन, सोने के गहने और अन्य माध्यमों से करीब 1.50 लाख रुपये लेने के बाद रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया है।
दोस्त की बातों पर भरोसा कर लिया लाखों का लोन
मेघा बोस के मुताबिक, भुइयांडीह शिव मंदिर पटना लाइन निवासी रीना कुमारी ने अपने भाई संजय कुमार साहनी का बिजनेस शुरू कराने के लिए उनसे आर्थिक मदद मांगी थी। आरोप है कि रीना ने भरोसा दिलाया था कि लोन की सभी किस्तें समय पर चुकाई जाएंगी।
दोस्त की बातों पर भरोसा करते हुए मेघा ने अपने नाम पर मनी व्यू, चोलामंडलम फाइनेंस और फाइनक्रॉप फाइनेंस समेत अन्य वित्तीय संस्थानों से करीब 13 लाख रुपये का लोन लिया। शिकायत के अनुसार, यह रकम रीना कुमारी, उसके भाई संजय कुमार साहनी और मां मंजू देवी के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
सोने के गहने और क्रेडिट कार्ड से भी रकम देने का आरोप
शिकायत में मेघा ने बताया है कि उसने शादी के समय के अपने सोने के गहने भी रीना को दिए थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड और स्वाइप मशीन के माध्यम से करीब 1.50 लाख रुपये रीना के खाते में जमा किए गए।
पीड़िता का कहना है कि शुरुआत में कुछ महीनों तक रीना और उसके परिवार की ओर से लोन की किस्तें चुकाई गईं, जिससे उसका भरोसा और मजबूत हुआ। लेकिन बाद में किस्तों का भुगतान बंद कर दिया गया।
घर में ताला लगा मिला, परिवार पर फरार होने का आरोप
किस्तें बंद होने के बाद जब मेघा ने रीना और उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया, तो कथित तौर पर उनका घर बंद मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया है।
इससे लोन की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी अब मेघा पर आ गई है। शिकायत में मेघा ने आशंका जताई है कि रीना कुमारी दिल्ली में रहने वाले अपने पति आशीष कुमार के पास हो सकती है।
कार और 12-चक्का ट्रेलर खरीदने में रकम लगाने का संदेह
मेघा ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आशंका जताई है कि उसके नाम पर लिए गए लोन की रकम का इस्तेमाल कार (जेएच 05 डीवाई 9199) और एक 12-चक्का ट्रेलर खरीदने में किया गया है।
मामले में संजय कुमार के दोस्त केशव की भूमिका पर भी शिकायतकर्ता ने संदेह जताया है। आरोप है कि घटना के बाद से केशव उक्त कार लेकर फरार है।
बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की मांग
मेघा बोस ने साकची थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से बैंक खातों में हुए लेन-देन, लोन से संबंधित दस्तावेज, रकम ट्रांसफर के साक्ष्य और वाहन खरीद से जुड़े बिलों की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा कथित तौर पर हड़पी गई रकम और गहनों की बरामदगी की गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।





