Oplus_16777216
जमशेदपुर: आदिवासी वेलफेयर सोसाइटी (AWS) के सीईओ जोगेंद्र सिंह जी के अचानक निधन से पूरे सामाजिक जगत और उनके जानने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। पिछले 7 वर्षों से इस पद पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यरत जोगेंद्र सिंह जी अपने मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
कैसे सामने आई घटना?
रोज़ की तरह जोगेंद्र सिंह जी का घोड़ाबांधा स्थित AWS कार्यालय पहुंचने का समय सुबह 11 बजे का था। लेकिन आज जब दोपहर 1 बजे तक वे कार्यालय नहीं पहुंचे, तो सहकर्मियों को चिंता हुई। उन्होंने लगातार उनके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
शंका होने पर कार्यालय के कुछ कर्मचारियों ने प्रशासनिक मदद ली और उनके बराद्वारी स्थित फ्लैट पर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर जब भीतर से कोई जवाब नहीं मिला, तो काफी इंतजार के बाद ताला तुड़वाया गया। अंदर जाने पर वे जमीन पर गिरे हुए मिले। घबराए सहकर्मी तुरंत उन्हें लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोक की लहर
उनके निधन की खबर मिलते ही आदिवासी वेलफेयर सोसाइटी परिवार, मित्रों और परिचितों में सन्नाटा पसर गया। हर कोई इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध और दुखी है।
अंतिम संस्कार की जानकारी
परिजनों और शुभचिंतकों ने जानकारी दी है कि कल उनका अंतिम संस्कार उनके बराद्वारी स्थित फ्लैट से निकलेगा। उनकी अंतिम यात्रा के बाद मानगो स्वर्णरेखा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार व सहकर्मियों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।





