
जमशेदपुर:दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में होने वाले बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य का असर नवंबर के शुरुआती दिनों में रेल यात्रियों की आवाजाही पर दिखाई देगा। बागडेही स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग और बागडेही-जामदा रेलखंड के बीच चौथी लाइन को चालू करने के लिए रेलवे की ओर से नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य कराया जाएगा।
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 1 और 2 नवंबर को प्री-एनआई तथा 3 नवंबर को एनआई कार्य किया जाएगा। इस दौरान परिचालन व्यवस्था प्रभावित होने के कारण चक्रधरपुर मंडल से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया गया है।
रेलवे के अनुसार कार्य के दौरान करीब दो घंटे का सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (S&T) डिस्कनेक्शन तथा लगभग चार घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।
इन ट्रेनों पर पड़ेगा सीधा असर
रेलवे की सूची के अनुसार निम्न ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा—
68029-68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू — 1 से 3 नवंबर तक रद्द।
18109-18110 टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस — 1 से 3 नवंबर तक रद्द।
18175 हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस — 1 से 3 नवंबर तक रद्द।
18176 झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस — 2 से 4 नवंबर तक रद्द।
22861 हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस — 3 नवंबर को रद्द।
22862 हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस — 4 नवंबर को रद्द।
18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस — 3 नवंबर को रद्द।
18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस — 4 नवंबर को रद्द।
13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस — 31 अक्टूबर को रद्द।
13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस — 2 नवंबर को रद्द।
18125-18126 राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस — 3 नवंबर को रद्द।
17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस — 2 नवंबर को रद्द।
17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस — 5 नवंबर को रद्द।
22839-22840 भुवनेश्वर-राउरकेला-भुवनेश्वर एक्सप्रेस — 3 नवंबर को रद्द।
2 नवंबर को टाटानगर नहीं पहुंचेगी उत्कल एक्सप्रेस
एनआई कार्य का असर पुरी-योग नगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। रेलवे के अनुसार 2 नवंबर को 18477-18478 उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से नहीं चलेगी और परिवर्तित रूट से संचालित होगी।
आमतौर पर कटक से भद्रक, हिजली, टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा होते हुए ईब की ओर जाने वाली इस ट्रेन को एनआई कार्य के कारण कटक से संबलपुर, झारसुगुड़ा रोड होते हुए ईब की दिशा में चलाया जाएगा।
इस बदलाव के कारण 2 नवंबर को उत्कल एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन नहीं आएगी। ऐसे में टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों से इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।
रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के तहत हो रहे इस काम से भविष्य में रेल परिचालन को बेहतर बनाने और चौथी लाइन के जरिए ट्रेनों की आवाजाही की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, काम की अवधि में यात्रियों को रद्द ट्रेनों और बदले हुए मार्ग के कारण असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।





