
खड़गपुर/जमशेदपुर। चंद्रकोना स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन को लेकर चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। जमशेदपुर के कुछ समाचार पत्रों में गुरदीप सिंह दीपा को चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब का नया प्रधान बनाए जाने संबंधी प्रकाशित खबर का खड़गपुर खरीदा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार इंद्रजीत सिंह सग्गू ने तीखा खंडन किया है।
सग्गू ने इन खबरों को भ्रामक, असत्य और आधारहीन बताते हुए साफ किया कि चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के प्रधान पद में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, खड़गपुर खरीदा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का नियंत्रण पहले की तरह बरकरार है और गुरुद्वारा साहिब का संचालन भी उसी के अधीन रहेगा।
‘दीपा को प्रधान नहीं, सिर्फ केयरटेकर बनाया गया’
‘झारखंड वार्ता’ के ब्यूरो चीफ सरदार प्रताप सिंह से फोन पर बातचीत में इंद्रजीत सिंह सग्गू ने कहा कि गुरदीप सिंह दीपा को प्रधान की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। वह खड़गपुर खरीदा गुरुद्वारा कमेटी में उपाध्यक्ष हैं और उन्हें चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब की देखरेख के लिए केयरटेकर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सग्गू के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब का बैंक खाता, वित्तीय लेन-देन, प्रशासनिक व्यवस्था और संपूर्ण प्रबंधकीय नियंत्रण पूर्व की तरह खड़गपुर गुरुद्वारा कमेटी के पास ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में दीपा को नया प्रधान बताए जाने से गलत संदेश गया है और इस तरह की खबरों का वह स्पष्ट रूप से विरोध करते हैं।
राखी पूर्णिमा पर पहुंचे सिख समाज के कई प्रमुख लोग
सग्गू ने बताया कि राखी पूर्णिमा के अवसर पर तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह, सीजीपीसी जमशेदपुर के प्रधान भगवान सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला समेत कई लोग अपने परिवार के साथ चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब पहुंचे थे।
इस दौरान खड़गपुर गुरुद्वारा कमेटी की ओर से अतिथियों को सम्मान स्वरूप सिरोपा भेंट किया गया। सग्गू के मुताबिक, इस मौके पर कुछ सुझाव भी सामने आए, जिन पर अब खड़गपुर गुरुद्वारा कमेटी की जनरल बॉडी मीटिंग में चर्चा की जाएगी।
28 गुरुद्वारों की विशेष बैठक बुलाने की तैयारी
विवाद को लेकर सग्गू ने कहा कि जल्द ही सभी 28 गुरुद्वारों की विशेष बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सीजीपीसी को भी आमंत्रित किया जाएगा। उनका कहना है कि पूरे मामले पर आमने-सामने बैठकर बातचीत की जाएगी, ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
शैलेंद्र सिंह ने भी सग्गू का किया समर्थन
मामले में सीजीपीसी चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने भी इंद्रजीत सिंह सग्गू के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब करीब चार महीने पहले खड़गपुर कमेटी ने सर्वसम्मति से इंद्रजीत सिंह सग्गू को प्रधान चुना था, तो इतनी कम अवधि में प्रधान को बदलने का सवाल ही कैसे उठता है?
शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके अनुसार चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के प्रधान इंद्रजीत सिंह सग्गू ही हैं और रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को बांटने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
पटना साहिब के महासचिव ने फिलहाल टिप्पणी से किया इनकार
वहीं, मामले में लगाए जा रहे आरोपों और पूरे विवाद पर ‘झारखंड वार्ता’ ने तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह से भी फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए फिलहाल इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया देने में असमर्थता जताई।
फिलहाल, चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन को लेकर सामने आए अलग-अलग दावों के बीच सग्गू का कहना है कि प्रधान पद में कोई बदलाव नहीं हुआ है और गुरदीप सिंह दीपा की भूमिका केवल केयरटेकर तक सीमित है। अब प्रस्तावित विशेष बैठक और जनरल बॉडी मीटिंग में इस विवाद पर क्या निर्णय सामने आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।






