
जमशेदपुर: भाकपा माओवादी से जुड़े वांछित नक्सलियों के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने छह वांछित नक्सलियों की सूची और उनके पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टरों में नक्सलियों के नाम, तस्वीर, उपनाम और उन पर घोषित इनाम की राशि की जानकारी दी गई है। इन पोस्टरों को एमजीएम, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों, चौक-चौराहों और अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाया जा रहा है।
पुलिस की ओर से जारी सूची में असीम मंडल उर्फ आकाश पर सबसे अधिक 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस के मुताबिक, असीम मंडल की पहचान तिमिर और मनोज नाम से भी होने की जानकारी है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों को लेकर विशेष रूप से सतर्क हैं।
पुलिस की सूची के अनुसार, राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज और सचिन पर 15-15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। वहीं मीता उर्फ नयनतारा, घुमो और पोरी पर 10-10 लाख रुपये का इनाम है। इसके अलावा मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो पर 5 लाख रुपये, मालती मुर्मू पर 2 लाख रुपये और बुलु महतो उर्फ गीती पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के मुताबिक, इन वांछित नक्सलियों पर घोषित इनाम की कुल राशि 1 करोड़ 33 लाख रुपये है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि सूची में शामिल किसी भी वांछित नक्सली के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नियमानुसार सूचना देने वाले को उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।
लोगों की सुविधा के लिए पोस्टरों पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों के संपर्क नंबर भी दर्ज किए गए हैं। इसके जरिए ग्रामीण और स्थानीय लोग किसी संदिग्ध गतिविधि या वांछित नक्सली से संबंधित जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
पोस्टर अभियान के साथ ही दलमा और आसपास के जंगल क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीमों द्वारा जंगलों और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
पुलिस को आशंका है कि असीम मंडल अपने पांच सहयोगियों के साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए सीमावर्ती गांवों और जंगल क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने पोस्टर के जरिए स्थानीय लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नक्सल गतिविधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत साझा करने की अपील की है।






