
धनबाद: प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। अपने दौरे के दौरान तरुण कपूर कोयला खनन परियोजनाओं की प्रगति, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर उच्चस्तरीय समीक्षा भी करेंगे।
दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचने पर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से धनबाद के लिए रवाना होने से पहले तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद वे कोयला भवन पहुंचे, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कंपनी की विभिन्न खनन परियोजनाओं, उत्पादन से जुड़े विषयों और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
मुनीडीह में कोल बेड मीथेन और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का करेंगे निरीक्षण
दौरे के दौरान तरुण कपूर मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन (CBM) प्रोजेक्ट और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इन परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।
इसके अलावा कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का भी वे जायजा लेंगे। अग्नि प्रभावित और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की स्थिति को समझने के लिए तरुण कपूर प्रभावित लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे। इस दौरान पुनर्वास और सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
तरुण कपूर के दौरे का एक अहम हिस्सा झरिया मास्टर प्लान के तहत चल रहे पुनर्वास कार्यों की समीक्षा है। मंगलवार को वे बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का दौरा करेंगे। वहां विस्थापित परिवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आवास व्यवस्था और पुनर्वास की प्रगति का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान से जुड़े विभिन्न विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता तरुण कपूर करेंगे। इसमें जेआरडीए के अलावा एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे।
उच्चस्तरीय बैठक में झरिया मास्टर प्लान के क्रियान्वयन, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों के सुरक्षित पुनर्वास और प्रभावित इलाकों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी। रेलवे, सड़क, दूरसंचार समेत अन्य विभागों से संबंधित लंबित कार्यों और उनके समन्वय पर भी चर्चा होगी।
तरुण कपूर के दो दिवसीय दौरे को झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास प्रक्रिया और बीसीसीएल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके निरीक्षण और समीक्षा के बाद संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।







