
जमशेदपुर: शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रैपिडो ड्राइवर पर महिला यात्री के साथ छेड़खानी और उसे तय रास्ते से अलग दिशा में ले जाने का मामला सामने आया है। महिला ने बाइक चालक की हरकतों से खुद को असुरक्षित महसूस किया और खतरा भांपकर चलती बाइक से छलांग लगा दी। इस दौरान वह घायल हो गई। घटना के बाद महिला ने सीतारामडेरा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित दीपक कुमार झा, निवासी टुइलाडुंगरी, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
तय रास्ते से अलग दिशा में ले जाने का आरोप
महिला के मुताबिक, उसने रैपिडो ऐप के जरिए राइड बुक की थी। बुकिंग के बाद वह रैपिडो ड्राइवर के साथ अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद रैपिडो ड्राइवर गलत नियत से निर्धारित मार्ग से हटकर सुनसान रास्ते की ओर ले जाने लगा।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो रैपिडो ड्राइवर पर कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी करने का आरोप है। स्थिति बिगड़ती देख महिला ने बाइक रोकने को कहा, स्थिति सामान्य नहीं होने पर उसने चलती बाइक से छलांग लगा दी।
सड़क पर गिरने से घायल हुई महिला
चलती बाइक से कूदने के कारण महिला को चोटें आईं। घटना के बाद वह किसी तरह सीतारामडेरा थाना पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित रैपिडो ड्राइवर दीपक कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ घटना के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस महिला के बयान और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। वहीं, आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।







