
नांदेड़/जमशेदपुर। शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिहाड़े के अवसर पर महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब में धार्मिक आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंची सिख संगत ने नगर कीर्तन और धार्मिक समागम में हिस्सा लेकर बाबा जीवन सिंह जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस ऐतिहासिक आयोजन में जमशेदपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रंगरेटा महासभा टाटा के नेतृत्व में करीब 400 श्रद्धालुओं का जत्था नांदेड़ साहिब पहुंचा। श्रद्धालुओं ने तख्त श्री हजूर साहिब में माथा टेका और सामूहिक अरदास में शामिल होकर देश-दुनिया में अमन, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही धार्मिक माहौल में डूबा नांदेड़
कार्यक्रम के तहत सुबह करीब 10 बजे महाराष्ट्र स्थित बाबा बांदा सिंह घाट से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हुई।
नगर कीर्तन के दौरान शबद-कीर्तन, ढोलक और चिमटों की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। संगत लगातार शबद गायन और जयकारों के साथ आगे बढ़ती रही।
इस दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे भी संगत के साथ नगर कीर्तन में शामिल हुए। वे ढोलक बजाते हुए शबद गायन में भी सहभागी बने।
ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करते हुए पहुंचा नगर कीर्तन
नगर कीर्तन नांदेड़ साहिब के विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों से होकर तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा जीवन सिंह जी के सम्मान में जमकर जयकारे लगाए। ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचने के बाद संगत ने सामूहिक अरदास की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
‘ऐसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कराते रहेंगे’
रंगरेटा महासभा झारखंड के प्रधान मनजीत सिंह ने कहा कि बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिहाड़े पर तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह वाहेगुरु की कृपा है कि संगत को ऐसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन और सेवा का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में सामर्थ्य है, तब तक संगत को देश के ऐतिहासिक गुरुद्वारों और पावन स्थलों के दर्शन कराने का प्रयास जारी रहेगा।
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी लिया हिस्सा
धार्मिक आयोजन में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। जमशेदपुर से पहुंचे जत्थे में मनजीत सिंह गिल, गुरमुख सिंह मुखे, जसबीर सिंह पादरी, नंदा बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान दलजीत सिंह, सुखदेव सिंह मिट्ठू, साहिब सिंह, बलबीर सिंह बिरे, त्रिलोक सिंह, बलविंदर कौर, बलजीत सिंह, रणजीत सिंह फौजी, चरणजीत कौर, किरणदीप कौर, सतनाम कौर, इंद्रजीत कौर इंदु, आशा कौर, सेंट्रल की अध्यक्ष बीबी दलबीर कौर, कुर्म सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
प्रकाश दिहाड़े के मौके पर आयोजित इस धार्मिक समागम ने नांदेड़ साहिब में सिख परंपरा, श्रद्धा और सामुदायिक एकजुटता की मजबूत तस्वीर पेश की।





